Kinoo cake

 किन्नू का केक


किन्नू का केक 

सामग्री

1. ग्लूटेन फ्री आटा 1 कप 

2.घी या मक्खन 1/4कप

3.चीनी या शुगर फ्री लाइट 1/4कप

4.अंडे 3

5. बेकिंग पाउडर 1टी स्पून

6. बेकिंग सोडा 1/4टी स्पून

7. किन्नू 2 बड़ा

8. कद्दू,मगज़,सूर्यमुखी के बीज एक टेबल स्पून।

विधि

1.घी,चीनी,अंडे को तोड़ कर ब्लेंडर में फेंट लें।

2. आटे,बेकिंग सोडा और पाउडर को छन्नी में छान लें।

3.एक किन्नू को बारीक तरफ से छिलका कद्दूकस कर लें और तुरंत घी वाले मिश्रण में मिला लें।

4.अब किन्नू को आधा करके निचोड़ कर जूस निकाल लें और आटे को थोड़ा थोड़ा गीले मिश्रण में मिलाते जाएं साथ ही किन्नू का जूस भी मिलाते जाएं।

5.केक के मिश्रण की सांद्रता रिबन वाली आने तक जूस निकाल कर मिलाते जाएं।

6.मिश्रण को मफिन्स वाले कप में डाल कर ऊपर से मिले जुले  सीड्स बुरक दें।प्री हीट वाले अवन में 15 मिनट के लिए बेक कर लें।

माफिन कप में किन्नू का केक

ये बहुत ही खुशबूदार होता है और स्वादिष्ट भी।

टिप्स

1.इसमें बस एक ही बात ध्यान रखनी है कि किन्नू का जेस्ट एक ही बड़े फल का काफ़ी है और उसका भी खाली नारंगी भाग कस कर डालना है सफेद भाग नहीं डालना है नहीं तो थोड़ी कड़वाहट आ जाती है।

2.आधा आधा करके फल का रस निकाल कर तुरंत मिश्रण में मिलाते जाएं ।यदि एक साथ दोनों फल का रस निकाल कर रख लिया और फिर मिलाया तो भी कड़वाहट आ जाती है।

3.इस केक को आप ज्वार या ओट्स से भी बना सकते हैं।यदि ग्लूटेन फ्री नहीं बनाना है तो मैदा या आटे से बना लीजिए और मुलायम और जालीदार बनेगा और रस की मात्रा भी कम हो सकती है।ग्लूटेन फ्री आटा ज्यादा रस सोखता है ।


बिना रंग का किन्नू का केक

4.इसमें किसी भी प्रकार के एसेंस या फ्लेवर की आवश्यकता नहीं होती है।किन्नू का अपना ही स्वाद और खुशबू लाजवाब होती है ,हां रंग बाजार जैसा नारंगी नहीं आता है।रंग के लिए आप चाहें तो नारंगी रंग के खाने वाले रंग की एकाध बूंद डाल सकते है।मैंने नहीं डाली है।

5.यदि किन्नू मुलायम हों और छिलका कसने में दिक्कत हो रही है तो 1/2घंटा फ्रीजर में रख दें और फिर कस लें तो खाली नारंगी भाग कस कर आसानी से निकाल सकते हैं।


Comments